महावीर

November 5, 2005

‘दहकते सांसों से’ महावीर शर्मा

Filed under: उर्दू शायरी, महावीर शर्मा — महावीर @ 12:48 am
‘ दहकते सांसों से ’

जवानी जब करवट बदलती है तो बुढ़ापे के मुहाने पर लाकर पटक देती है।
इंसान यादों की चादर ओढ़ कर कुछ पुराने बिखरे हुए लम्हों को खोजता है।
————————————-

दहकते सांसों से आह निकलती है।
ज़िंदगी आज क्यूं करवट बदलती है ?

पतझड़ की सूनी इक डाली की तरह,
ज़िंदगी बिन पत्तों की तरह ढलती है।

दिन तो तसव्वर में ही बीत जाता है,
शब ग़मे-हिज्र की आग में जलती है।

तिरी निगाहों का आदी बन गया हूं,
जो हर लम्हे, हर बात में बदलती है।

तिरी जफ़ाओं में इक ज़लज़ला देखा,
जिसमें प्यार की बुनियाद दहलती है।

दूर होकर आज भी तू पास ही है,
तिरी सूरत आंसुओं में पिघलती है।

ज़िंदगी वक्त के क़ैदी की तरह चुप है,
पलकों में छुपाने की सज़ा मिलती है।

महावीर शर्मा

Page copy protected against web site content infringement by Copyscape

Blog at WordPress.com.